रायपुर नगर निगम की पहल, जोन कार्यालयों में लगेंगी सेनेटरी पैड वेंडिंग और इंसिनरेटर मशीनें

Follow Us

रायपुर। महिलाओं के मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने जोन कार्यालयों के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन और इंसिनरेटर मशीनें वितरित की हैं। महापौर मीनल चौबे ने प्रमुख सुविधा प्रदाता (लीड फैसिलिटेटर) के रूप में यह पहल की। इसका उद्देश्य स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करना और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सेनेटरी पैड की उपलब्धता तथा सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था करना है।

मशीनों की स्थापना से महिला सफाई मित्रों, महिला कर्मचारियों और विभिन्न सेवाओं के लिए जोन कार्यालय आने वाली महिलाओं को जरूरत के समय सेनेटरी पैड आसानी से मिल सकेंगे। इस्तेमाल किए गए पैड का वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निस्तारण भी किया जा सकेगा। इससे महिला स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर अपर आयुक्त विनोद कुमार पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी योगेश कडू, सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल को महिलाओं की स्वच्छता, स्वास्थ्य संरक्षण और जनहित से जुड़ा कदम बताया। रायपुर नगर निगम का कहना है कि महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और समावेशी बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।