अंबिकापुर। केल्हारी क्षेत्र में 22 अक्टूबर को हुए यात्री बस हादसे के बाद परिवहन विभाग ने यात्री वाहनों की जांच तेज कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए अभियान में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन यात्री बसों को जब्त किया गया, जबकि चार अन्य बसों पर कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर परिवहन उड़नदस्ता दल ने बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की। इसके साथ ही ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की गई। मोटरयान अधिनियम और संबंधित नियमों का उल्लंघन मिलने पर बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज वैध और अद्यतन रखने, वाहनों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त बनाए रखने तथा निर्धारित क्षमता के अनुसार यात्रियों को बैठाने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना वैध दस्तावेजों के बसों का संचालन करने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
