BREAKING : सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 6 दिसंबर को, शिक्षक भर्ती 20 दिसंबर को

Follow Us

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 15 अक्टूबर से फिर खुलेंगे आवेदन पोर्टल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 6 दिसंबर और शिक्षक भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का दोबारा मौका दिया है। अभ्यर्थी 15 से 30 अक्टूबर तक शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।

यह निर्णय छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर के आदेश के पालन में लिया गया है। शिक्षक भर्ती में दिव्यांग अभ्यर्थियों की कुछ श्रेणियों की पात्रता को लेकर विवाद के बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। न्यायालय के आदेश के बाद लोक शिक्षण संचालनालय के प्रस्ताव पर चयन मंडल ने भर्ती विज्ञापन में संशोधन किया है, जिससे पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिल सके।

16 जिला मुख्यालयों में होगी परीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 6 दिसंबर को और शिक्षक भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित होगी। परीक्षा प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा का ध्यान रखते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं, पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को त्रुटि सुधार के लिए निर्धारित अवधि का उपयोग करने का अवसर मिलेगा।