पंचायत सचिव भर्ती प्रक्रिया पूरी, कलेक्टर और जिला सीईओ ने सौंपी जिम्मेदारी

Follow Us

पारदर्शी प्रक्रिया से 22 नवनियुक्त पंचायत सचिवों को मिले नियुक्ति पत्र

सुकमा। जिले में सुशासन और ग्रामीण विकास को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने की दिशा में सुकमा जिला प्रशासन ने एक और प्रभावी कदम उठाया है। संचालक, पंचायत संचालनालय, नवा रायपुर से प्राप्त निर्देशों और स्वीकृति के परिपालन में जिला पंचायत सुकमा द्वारा पंचायत सचिव (पंचायतकर्मी) के कुल 22 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध एवं त्रुटिहीन ढंग से पूरा कर लिया गया है। पूरी भर्ती के दौरान विज्ञापित नियमों और विभागीय दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन करते हुए अंतिम वरीयता सूची तैयार की गई, जिसके आधार पर पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूर्ण कर चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी की गई।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुकुन्द ठाकुर ने मेरिट के आधार पर चयनित सभी 22 नवनियुक्त सचिवों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कलेक्ट्रेट परिसर में नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, वहीं प्रशासन की त्वरित और निष्पक्ष कार्यप्रणाली की सर्वत्र सराहना हो रही है।

धनुष यज्ञ लीला में पेटल-लखटकिया ने हंसा-हंसा की किया लोटपोट

नवनियुक्त पंचायत सचिवों का उत्साहवर्धन करते हुए कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि पंचायत सचिव ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव का पाठ पढ़ाते हुए निर्देशित किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करें। वहीं जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने भी मैदानी स्तर पर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया में उच्च स्तर की पारदर्शिता बरतते हुए चयन एवं प्रतीक्षा सूची को सार्वजनिक किया है। अभ्यर्थी विस्तृत विवरण व सूची का अवलोकन जिला पंचायत सुकमा, संबंधित जनपद पंचायतों (सुकमा, कोन्टा, छिन्दगढ़) के सूचना पटल अथवा जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.sukma.gov.in पर कर सकते हैं।