छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ की मांग का निराकरण

Follow Us
  • वार्षिक कार्यमूल्यांकन अपील के लंबित मामलों एवं वेतन वृद्धि लाभ न मिलने पर त्वरित निराकरण की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा अगस्त से सितंबर तक 33 दिनों की ऐतिहासिक हड़ताल की गई थी। इस हड़ताल की प्रमुख मांगों में वार्षिक कार्यमूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल था।
उक्त मांग पर माननीय मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा सचिव, स्वास्थ्य विभाग के अनुमोदन उपरांत अक्टूबर माह में मिशन संचालक द्वारा कर्मचारियों को अपील का अधिकार प्रदान किया गया। इस प्रक्रिया के अंतर्गत राज्य, जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिन्हें वार्षिक कार्यमूल्यांकन अथवा कार्य सुधार हेतु नोटिस जारी किए गए थे, उन्होंने अपील अधिकारी के समक्ष अपनी अपील प्रस्तुत की। संघ यह अवगत कराना चाहता है कि वर्तमान में राज्य एवं जिला स्तर के अधिकांश प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है, किन्तु ब्लॉक स्तर के लगभग 140 कर्मचारियों के अपील प्रकरण आज भी लंबित हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
इसके अतिरिक्त, कुछ जिला स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा वृद्धि अपील के पश्चात बहाल की गई है, बावजूद इसके उन्हें वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ अभी तक प्रदान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ शासन-प्रशासन से मांग कर अधिकारीयों से चर्चा किया हैं ,ब्लॉक स्तर के सभी लंबित अपील प्रकरणों का शीघ्र एवं पारदर्शी निराकरण किया जाए,जिन कर्मचारियों की सेवा वृद्धि बहाल की गई है, उन्हें तत्काल प्रभाव से वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ प्रदान किया जाए।