जगदलपुर। बस्तर दशहरा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बस्तर पुलिस ने शहर में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सहयोग मांगा है। पुलिस ने बाजार, मंदिर और मीना बाजार जाने के लिए पैदल चलने या दोपहिया वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में तीनपहिया और चारपहिया वाहनों का कम इस्तेमाल करने के साथ शाम 4 बजे के बाद सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग नहीं करने की हिदायत दी गई है। लोगों से वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल या निजी परिसर में खड़े करने की अपील की गई है।
रथ परिक्रमा के दौरान मिताली चौक, गोल बाजार, सिरहासार चौक, यामहा शोरूम, पुराना तहसील कार्यालय और मुख्य पोस्ट ऑफिस के आसपास निर्धारित समय से पहले वाहन पार्क नहीं करने को कहा गया है। वहीं, मावली परघाव के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, चावल लाइन, संजय मार्केट, अग्रसेन चौक और गुरुगोविंद सिंह चौक की ओर अनावश्यक वाहन ले जाने से बचने की सलाह दी गई है।
भीतर रैनी और बाहर रैनी के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, गोल बाजार, मेन रोड, एसबीआई चौक और कुम्हड़ाकोट की ओर भी यातायात को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। पुलिस ने इन मार्गों पर सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने की हिदायत दी है। साथ ही नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील की गई है। बस्तर पुलिस का कहना है कि सभी के सहयोग से पर्व की परंपरा और गरिमा बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सकता है।
