मुंबई। सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। शो के एक टास्क के दौरान गुल्लू ने आम्रपाली दुबे और लव गिल को ‘मोटू-पतलू’ कह दिया। इस टिप्पणी के बाद मामला चर्चा में आ गया और आम्रपाली के परिवार ने भी इस पर नाराजगी जताई है। आम्रपाली की बहन आंचल ने इस तरह की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी के शरीर या रूप-रंग का मजाक बनाना सही नहीं है, भले ही किसी विवाद या बहस के दौरान ऐसा किया गया हो। उन्होंने गुल्लू और माही विज की आलोचना करते हुए कहा कि प्रतिभागियों के पास अपनी बात रखने और असहमति जाहिर करने के कई तरीके होते हैं। ऐसे में किसी की शारीरिक बनावट को निशाना बनाने की जरूरत नहीं है।
इस मामले में आम्रपाली की टीम ने भी प्रतिक्रिया दी है। टीम ने गुल्लू की टिप्पणी को आम्रपाली और लव गिल के प्रति बॉडी शेमिंग से जुड़ा मामला बताया। शो में हुई इस घटना के बाद प्रतिभागियों के व्यवहार और सार्वजनिक मंच पर की जाने वाली टिप्पणियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आम्रपाली दुबे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। वह अपनी अदाकारी और डांस के लिए पहचान रखती हैं। उनकी बहन आंचल ने उनके समर्थन में आवाज उठाते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के शरीर को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है।
