CJP का आज फिर ‘चलो जंतर-मंतर’ का ऐलान, अजिंक्य शिंदे करेंगे अगुवाई, दिल्ली में छावनी जैसा पहरा; कई मार्ग डायवर्ट

Follow Us

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शीर्ष नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद भी राष्ट्रीय राजधानी में सियासी पारा थमने का नाम नहीं ले रहा है। संगठन ने पीछे हटने के बजाय आंदोलन को और तेज करते हुए आज रविवार को फिर से जंतर-मंतर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। शीर्ष नेतृत्व के जेल जाने के बाद राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने आंदोलन की कमान संभाल ली है।

सुबह 10 बजे जुटने का आह्वान, अजिंक्य शिंदे संभालेंगे कमान
पार्टी के राष्ट्रीय संगठन इंचार्ज अजिंक्य शिंदे ने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए रविवार सुबह 10 बजे कार्यकर्ताओं और आम जनता से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। ‘चलो जंतर-मंतर’ के नारे के साथ लोगों को लामबंद किया जा रहा है। शिंदे का कहना है कि पुलिसिया दमन और गिरफ्तारियों से डरकर चुनाव आयोग के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।

लुटियंस दिल्ली में भारी सुरक्षा, जंतर-मंतर पर मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग
सीजेपी के दोबारा प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने पूरी लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया है। जंतर-मंतर, संसद मार्ग, कर्तव्य पथ और इंडिया गेट जैसे संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जंतर-मंतर के चारों ओर मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि कोई भी प्रदर्शनकारी मुख्य परिसर तक न पहुंच सके।

मध्य दिल्ली में आज भी बंद रहेंगी दुकानें, कड़े सुरक्षा इंतजाम
राजधानी में जारी गतिरोध और कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता के चलते आज रविवार को भी कई इलाकों में व्यावसायिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रहने की संभावना है। पुलिस प्रशासन ने किसी भी संभावित उपद्रव से निपटने के लिए संवेदनशील चौराहों पर वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण वाहनों को मुस्तैद रखा है।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन रास्तों से बचने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विस्तृत एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को सतर्क किया है। एडवाइजरी के मुताबिक शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां रोड, मंडी हाउस चौराहा और जंतर-मंतर रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।