हैदराबाद / तेलंगाना के मेडचल-मलकजगिरी जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां आभूषणों के काम में इस्तेमाल होने वाला बेहद जहरीला केमिकल (साइनाइड) मुंह में रखने से 2 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृत बच्ची की पहचान चींतल निवासी गोपी कृष्ण और जानकी की दो वर्षीय बेटी मीशा के रूप में हुई है।
ज्वेलरी देखते रहे माता-पिता, खेलते हुए बाहर निकली बच्ची ने उठाया केमिकल का पाउच
घटना उस वक्त हुई जब गोपी कृष्ण और उनकी पत्नी जानकी अपनी बेटी मीशा को लेकर सस्ता बाजार स्थित ‘विष्णु ज्वैलर्स’ में खरीदारी करने गए थे। जब माता-पिता दुकान के भीतर आभूषण पसंद करने में व्यस्त थे, तभी बच्ची खेलते-खेलते दुकान के बाहर निकल गई। दुकान के बाहर रखे सामान के पास बच्ची के हाथ एक पाउच लग गया, जिसमें ज्वेलरी की सफाई और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला खतरनाक जहरीला केमिकल रखा हुआ था। मासूम ने अनजाने में उस पाउच को मुंह में रख लिया और उसे चखते ही उसकी तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ने लगी।
परिजनों का दुकान के बाहर जोरदार प्रदर्शन, लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने ‘विष्णु ज्वैलर्स’ के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि ज्वैलर और दुकान के कर्मचारियों ने जानलेवा केमिकल को खुले में और बच्चों की पहुंच के भीतर रखकर घोर लापरवाही बरती है। परिजनों ने जीदीमेट्ला पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
BNS की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज, कब्र से निकालकर होगा पोस्टमार्टम
परिजनों की शिकायत के आधार पर जीदीमेट्ला पुलिस ने दुकान के मालिक विष्णु और एक कर्मचारी वेंकटाचार्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) (लापरवाही के कारण मौत) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के बाद बच्ची का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव मदिरा में कर दिया गया था। पुलिस ने बताया कि मौत के सटीक वैज्ञानिक कारणों की पुष्टि के लिए शव को नियमानुसार कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद फॉरेंसिक रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
