कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों से किया संवाद, शिक्षा, संस्कार और संवेदनशीलता को बताया सफल जीवन का आधार

Follow Us

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन
पीजी कॉलेज कांकेर को प्रथम, कृषि विभाग को द्वितीय और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर को मिला तृतीय पुरस्कार
जल संरक्षण, डिजिटल इंडिया, नक्सल मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत की थीम पर प्रतिभागियों ने उकेरे आकर्षक रंग

कांकेर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर के न्यू बस स्टैंड स्थित डोम परिसर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय विभागों एवं बिहान समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने रंगोलियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज कांकेर ने प्रथम, कृषि विभाग ने द्वितीय तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर ने तृतीय स्थान प्राप्त कियज्ञं कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न रंगोलियों का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों की रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना की। रंगोलियों के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, नक्सल मुक्त भारत और विकसित भारत जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।

लोक स्वास्थ्य यंत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन, आरसीसी ओवरहेड टैंक, जल संरक्षण थीम, सोलर टैंक जैसे विषयों को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम मॉडल कॉलेज द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा भानुप्रतापपुर पीजी कॉलेज द्वारा नक्सल मुक्त भारत की थीम पर रंगोली तैयार की गई। इसमें ‘हिंसा का अंत, सुरक्षा की जीत’ के संदेश के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समृद्धि और खुशहाली के माध्यम से विकास की परिकल्पना को दर्शाया गया।

शासकीय प्राथमिक शाला चांदापारा में नेवता भोज एवं बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित

इदरु केंवट कन्या महाविद्यालय कांकेर द्वारा विकसित भारत और डिजिटल इंडिया, आईटीआई कांकेर द्वारा स्किल इंडिया, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय द्वारा प्रधानमंत्री जनमन योजना तथा विष्णुप्रसाद शर्मा विद्यालय गोविंदपुर द्वारा हर घर बिजली की पहुंच थीम पर रंगोली बनाई गई। शासकीय विधि महाविद्यालय द्वारा महिला सशक्तिकरण, शासकीय महिला आईटीआई द्वारा आत्मनिर्भर भारत तथा सेंट माइकल स्कूल द्वारा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, डिजिटल शिक्षा और पीएम विद्यालयों की अवधारणा को प्रदर्शित किया गया।

इसी तरह खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बस्तर ओलंपिक, श्रम विभाग द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संबंधित विषयों पर रंगोलियां बनाई गईं। सड़क से समृद्धि और गांवों को विकास की राह से जोड़ने का संदेश भी प्रस्तुत किया गया। कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री की कृषि संबंधी योजनाओं और किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। बिहान समूह की महिलाओं ने लखपति दीदी की अवधारणा को रंगोली के माध्यम से दर्शाया, जबकि संगम महिला क्लस्टर हल्बा की महिलाओं ने भी सहभागिता की। कमला नेहरू पब्लिक स्कूल द्वारा स्वच्छ भारत की थीम पर रंगोली बनाई गई।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों, युवाओं और महिला समूहों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, रंगोलियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक दायित्वों और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने एक महीने चलेगा विशेष अभियान, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिया शिक्षा, संस्कार और संवेदनशीलता का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने बहुत ही सुंदर और संदेशपरक रंगोलियां बनाई हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेशभर में कांकेर जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की चर्चा हो रही है। चाहे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हो या सुदूर वनांचलों में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर, जिले में जनभागीदारी के माध्यम से सेवा और विकास के नए प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में भी सोनोग्राफी जैसी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के निर्देश अनुरूप संचालित इस अभियान में सभी विभाग सराहनीय कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा, संस्कार और जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि जिस प्रकार बिना नाविक के जहाज अपनी सही दिशा तय नहीं कर सकता, उसी प्रकार जीवन में सही मार्गदर्शन और लक्ष्य के बिना आगे बढ़ना कठिन होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारना माता-पिता, शिक्षकों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज 16, 18 और 20 अक्टूबर को रायपुर में , 250 रुपये में देख सकेंगे मैच

विद्यार्थियों को अपने माता-पिता की बात मानने, गुरुजनों का सम्मान करने तथा जरूरतमंद और वंचित लोगों के प्रति दया, संवेदना एवं सहयोग की भावना रखने की सीख दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने सोशल मीडिया से दूरी बनाये रखने और आमने-सामने संवाद की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि अपने विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त करना, दूसरों की बात ध्यान से सुनना और सकारात्मक संवाद करना व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह समय सीखने, पढ़ने और अपने भविष्य को गढ़ने का है।

पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ छुट्टियों में ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक पुस्तकें भी पढ़ें, ताकि उनकी सोच का विस्तार हो और वे जीवन में बेहतर निर्णय ले सकें।

कार्यक्रम कों सम्बोधित करते हुए महेश जैन ने कहा कि विद्यार्थियों ने रंगोलियों के माध्यम से अपने सपनों और कल्पनाओं को सुंदर रंगों में साकार किया है। इन रंगोलियों में केवल कलात्मक प्रतिभा ही नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति उनकी सोच भी दिखाई देती है।

ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, जनपद सदस्य शिल्पा साहू सहित एल्डरमेन, अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, प्राध्यापक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।