विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान करीब 24.99 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए थे
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और छूटे हुए पात्र नागरिकों के सत्यापन के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरु किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 24.99 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
इनमें लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं इस दौरान 2 लाख 35 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न कारणों से हटाए गए नामों का भी पुनः सत्यापन किया जाएगा और पात्र पाए जाने पर नाम जोड़े जाएंगे। 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी फॉर्म-6 भरकर मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
दोबारा सत्यापन करेंगे, लगेंगे विशेष शिविर
अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन करेंगे। साथ ही हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और उच्च शैक्षणिक संस्थानों में पंजीकरण शिविर चलाए जाएंगे। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारियों को फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा करेंगे।
भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज 16, 18 और 20 अक्टूबर को रायपुर में , 250 रुपये में देख सकेंगे मैच
पुनः आवेदन करने की प्रक्रिया
नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट http://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन के लिए संबंधित मतदान केंद्र के BLO को फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है। समस्याओं के समाधान के लिए ECINET ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा और हेल्पलाइन नंबर 1950 उपलब्ध है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
