ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु में प्रदर्शन, प्रकाश राज और ध्रुव राठी भी हुए शामिल

Follow Us

दिपके बोले- उनके पास सत्ता, हमारी ताकत सड़कों पर

बेंगलुरु। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने बुधवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में अभिनेता एवं नेता प्रकाश राज, सोशल मीडिया प्रभावक ध्रुव राठी समेत कई लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में सुधार और मतदाता सूची से जुड़े विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को समाप्त करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान प्रकाश राज ने कहा कि नेता पांच साल में केवल एक बार मतदाताओं के पास आते हैं और उस समय उनसे वोट मांगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब लोगों को अपने ही मताधिकार के लिए नेताओं के कार्यालयों के सामने भीख मांगने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने ‘एक देश, एक चुनाव के विचार पर सवाल उठाते हुए इसे महज एक नारा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका वास्तविक उद्देश्य ‘एक देश, एक पार्टी की व्यवस्था कायम करना है। उन्होंने चुनावों में मतों की कथित चोरी और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने का भी आरोप लगाया।

हिमालयन हाइट्स में साकार हुआ अपने घर का सपना, सुविधाओं और किफायती दरों से संतुष्ट हैं जितेंद्र मेहता

दिपके ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और विपक्ष के बीच करीब 2 प्रतिशत का अंतर था और इसी कारण अब पूरे देश में 30 करोड़ वोट हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास सत्ता हो सकती है, लेकिन सड़कों पर जनता की ताकत है और आंदोलन के जरिए वे अपनी ताकत वापस हासिल करेंगे।

प्रकाश राज ने आरोप लगाया कि आदिवासियों, गरीबों, मुसलमानों और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों को मतदान से वंचित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई केवल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक सीमित नहीं है। यदि एक व्यक्ति पद से हटता है तो उसकी जगह दूसरा व्यक्ति आ जाएगा, इसलिए चुनाव प्रक्रिया में व्यापक सुधार जरूरी है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि इसके बाद ज्ञानेश कुमार की जांच कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

किसानों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने निकाली ट्रैक्टर रैली

सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम आंदोलन को रोक नहीं पाएंगे और युवा अपने मताधिकार के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।पार्टी की ओर से जारी बयान में भी आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए उसके कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। सीजेपी ने कहा कि इससे लोगों में नाराजगी बढ़ेगी और आंदोलन को और समर्थन मिल सकता है।

सीजेपी अब 10 अक्टूबर को दिल्ली में भी प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की औपचारिक सूचना दी है। प्रस्तावित प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ चुनाव आयोग में सुधारों की मांग उठाई जाएगी। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।