सुकमा । कलेक्टर अमित कुमार ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर के साथ बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र मुरतोंडा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित कृषि, उद्यानिकी और संबद्ध गतिविधियों का जायजा लेते हुए करीब 13 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे फलोद्यान एवं वृक्षारोपण कार्यों का अवलोकन किया।
कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आम, अमरूद, चीकू, एप्पल बेर, नारियल, ड्रैगन फ्रूट और संतरा सहित विभिन्न फलदार फसलों का रोपण किया जा रहा है। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख राजेन्द्र प्रसाद कश्यप ने कलेक्टर को फलोद्यान विकास, प्रजातियों के चयन, पौधों के रखरखाव और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस मॉडल के माध्यम से किसानों को फल उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने और कृषि में विविधीकरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में संचालित मुर्गीपालन, बकरीपालन और मछलीपालन गतिविधियों का भी अवलोकन किया। वैज्ञानिकों ने बताया कि इन गतिविधियों को फसल उत्पादन के साथ जोड़कर एकीकृत कृषि प्रणाली विकसित की जा रही है, जिससे किसानों को खेती के साथ आय के अतिरिक्त स्रोत मिल सकें।कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र में विकसित किए जा रहे मॉडल स्थानीय किसानों के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन और नई संभावनाओं का माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी की नवीन तकनीकों, प्रशिक्षण और प्रायोगिक प्रदर्शन को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने तथा इन गतिविधियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उद्यानिकी विभाग के कमल गावड़े, कृषि अभियांत्रिकी वैज्ञानिक डॉ. परमानंद, कीट वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार सिदार, उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. गूंजेश्री गोंड सहित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
