सूरजपुर में चोरी के शक में दो महिलाओं की पिटाई, बाजार में भीड़ ने घेरकर की मारपीट, वीडियो वायरल

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में साप्ताहिक बाजार में चोरी के आरोप को लेकर दो महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़कापारा स्थित साप्ताहिक बाजार का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बाजार में मौजूद कुछ लोगों ने दोनों महिलाओं पर मोबाइल और हजारों रुपये चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद भीड़ ने दोनों को घेर लिया और उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान उनसे चोरी को लेकर पूछताछ भी की गई।

वायरल वीडियो में साप्ताहिक बाजार में लोगों की भीड़ के बीच दोनों महिलाओं के साथ मारपीट करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, महिलाओं पर लगाए गए चोरी के आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में पुलिस की ओर से जांच और कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।