2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Follow Us

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम् में विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य है और इसके लिए विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए सेवा और सुशासन से जुड़े उनके कार्यों की चर्चा की।

मुख्यमंत्री साय ने अपने सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है और सिंगापुर के उद्योग जगत में भारत तथा छत्तीसगढ़ को लेकर निवेश की रुचि दिखाई दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सेवा ज्योति यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री साय के सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इस यात्रा के जरिए छत्तीसगढ़ में बड़े निवेश प्रस्ताव लाने का प्रयास किया गया है।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया। इसके बाद मशाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा में पदयात्रियों के साथ युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली भी निकाली। कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।