अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्रतिबद्धता : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा

Follow Us

मोहला-मानपुर। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्रामीण इलाकों का दौरा कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण किया। लाभार्थी इन्द्र कुमार के वर्ष 2025-26 में स्वीकृत आवास के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। परिवार को 90 दिनों के मनरेगा रोजगार का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

हितग्राही परिवार की हेमेश्वरी ने बताया कि सरकारी योजनाओं के एक साथ मिलने से परिवार की परिस्थितियों में बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का और सुरक्षित घर मिल रहा है, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन से खाना बनाने में सुविधा हुई है। जल जीवन मिशन के जरिए घर तक पेयजल की सुविधा पहुंची है। वहीं महतारी वंदन योजना से मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता का उपयोग परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों और बच्चों की देखभाल में किया जा रहा है। उन्होंने योजनाओं का लाभ मिलने पर सरकार के प्रति आभार जताया।

ग्रामीणों से बातचीत के बाद मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पक्का आवास, रसोई गैस, घर तक स्वच्छ पानी और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने योजनाओं के पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से क्रियान्वयन पर जोर दिया। दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।