o कांकेर में बजरंग दल-भाजपा के खिलाफ पुतला दहन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
कांकेर। नरहरपुर क्षेत्र में करीब 40 गोवंशों को गौशाला ले जाने के नाम पर कथित रूप से चोरी कर बेचने के मामले में गिरफ्तारियों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर मंगलवार को कांकेर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए बजरंग दल और भाजपा के खिलाफ पुतला दहन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गौ-संरक्षण के नाम पर राजनीति करने वाले संगठनों से जुड़े लोगों पर ही मवेशियों को चोरी कर बेचने जैसे गंभीर आरोप लगना पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत को दर्शाता है। प्रदर्शनकारियों ने मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
40 गोवंश को छह पिकअप में ले जाने का आरोप
कांग्रेस के अनुसार, नरहरपुर थाने में दर्ज एफआईआर में 30 सितंबर की रात नरहरपुर हाईस्कूल खेल मैदान के पास से करीब 40 गाय-बछड़ों को छह पिकअप वाहनों में भरकर गौशाला ले जाने के नाम पर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। बाद में मवेशी मालिकों द्वारा गौशाला में जानकारी लेने पर वहां मवेशियों के नहीं पहुंचने की बात सामने आई। कांग्रेस का आरोप है कि पूछताछ के बाद मवेशियों को अन्यत्र बेच दिए जाने की जानकारी सामने आई।
बताया गया है कि मामले में मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में हिमांशु तिवारी, गौरव शोरी, मनीष बघेल और विश्वनाथ कौशिक के नाम दर्ज होने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
बसंत यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बसंत यादव ने मामले को लेकर भाजपा और उससे जुड़े संगठनों पर निशाना साधते हुए कहा कि गौ-माता के नाम पर राजनीति करने वालों को पहले अपने कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गौशाला भेजने के नाम पर मवेशियों को ले जाकर कथित रूप से बेचने का मामला सामने आया है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। यादव ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो किसी भी राजनीतिक या सामाजिक संगठन से जुड़े व्यक्ति को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की गहराई से जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सड़क पर उतरी कांग्रेस, दी आंदोलन की चेतावनी
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मवेशियों की कथित चोरी और बिक्री जैसे गंभीर मामले में केवल कुछ लोगों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे घटनाक्रम की तह तक जाकर इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका सामने लाई जानी चाहिए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से शहर में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई।
रायपुर नगर निगम के 11 अधिकारियों का तबादलाः निगम आयुक्त ने जारी किया आदेश
