दुर्ग। हरिनगर इलाके में सोमवार की देर रात एक पीजी में हुए विवाद के दौरान 26 वर्षीय युवक की चाकू लगने से मौत हो गई। घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक चित्रेश सहारे अपने दोस्त के पीजी रूम में एक महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि महिला मित्र के साथ कथित बदसलूकी को लेकर विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और इसी दौरान चाकूबाजी में चित्रेश के पैर और जांघ पर गंभीर चोट लगी।
घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में वैभव मानकर को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर विवाद की वजह और घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के दौरान मौके पर कौन-कौन मौजूद था और विवाद किस स्थिति में हिंसक हुआ, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
