राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल से कोयल मल्लिक, उत्तराखंड से दिनेश आर्य को मैदान में उतारा

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने उत्तराखंड से दिनेश आर्य और पश्चिम बंगाल से अभिनेत्री कोयल मल्लिक को राज्यसभा चुनाव के मैदान में उतारा है। वहीं, महाराष्ट्र विधान परिषद की तीन सीटों के लिए भी भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं।

पश्चिम बंगाल से राज्यसभा उम्मीदवार बनाई गईं अभिनेत्री कोयल मल्लिक इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने इसी वर्ष जुलाई में राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। अब भाजपा ने उन्हें अपनी ओर से राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने महाराष्ट्र में होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।

पार्टी ने पुणे विभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. स्मिता योगेश जाधव, नागपुर विभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सुधाकर वि_लराव कोहले और पुणे विभाग के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ मुरलीधर गावड़े को प्रत्याशी बनाया है। उत्तराखंड से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। वह भाजपा सरकार में राज्य पेयजल अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में प्रदेश स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

वर्ष 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के दौरान नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से दिनेश आर्य को भाजपा का टिकट मिलने की चर्चाएं भी चली थीं।
उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसी रिक्ति के मद्देनजर राज्यसभा की सीट के लिए चुनाव कराया जा रहा है। भाजपा ने इस सीट पर दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार बनाया है।

राज्यसभा और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। भाजपा की सूची में संगठन से जुड़े नेताओं के साथ पश्चिम बंगाल की चर्चित अभिनेत्री कोयल मल्लिक को शामिल किया जाना भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।