सारंगढ़ । छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में रविवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड के निर्माण और डाइट कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिले में नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव भी प्रक्रियाधीन हैं।
खेलभांठा मैदान में चार से सात अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के करीब 330 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में फुटबॉल बालक 14 वर्ष, सॉफ्टबॉल बालक एवं बालिका 17 वर्ष और क्रिकेट बालिका 17 वर्ष वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिले के प्रभारी एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए और जीत मिलने पर अहंकार से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैदान में उतरने वाला खिलाड़ी ही जीत और हार का अनुभव करता है, जबकि प्रयास नहीं करने वाला केवल दर्शक बनकर रह जाता है। निरंतर प्रयास करने वाले ही जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता को भी मजबूत करते हैं। प्रदेश की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को एकता के सूत्र में जोड़ने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्कूल अधोसंरचना के विकास और आवश्यक जीर्णोद्धार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में पिछले तीन वर्षों के दौरान बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर रहे हैं और तीन विद्यार्थियों ने राज्य की शीर्ष-10 प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया है। कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग शुरू की जा रही है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कक्षाएं, रोबोटिक्स लैब और अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की जा रही हैं।
उद्घाटन समारोह में सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, सांसद राधेश्याम राठिया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।


