रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक और सामान्य सभा में शामिल हुए। अधिवेशन में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ समाज के विकास, संगठन की गतिविधियों और सामाजिक हित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अरुण साव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के लोगों के बीच संवाद और सहभागिता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सामाजिक एकजुटता के साथ समाजहित में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने काकू स्मृति स्थल पहुंचकर दिवंगत केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोनाजीराव क्षीरसागर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर में उन्होंने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके जीवन से जुड़े कार्यों को याद किया। इस मौके पर केशर काकू की स्मृति में लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया। महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केशरबाई क्षीरसागर ने समाज के उत्थान और संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई थी। साव ने उनके सेवा कार्यों और योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रीय अधिवेशन की सामान्य सभा में समाज के विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ने पर भी विचार हुआ। इसके बाद उप मुख्यमंत्री बीड शहर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सेवा संकल्प अभियान और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। साव ने कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन के प्रति उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
