रायपुर सेंट्रल जेल में 4 घंटे चला सघन तलाशी अभियान, 50 जवानों ने खंगाले बैरक

Follow Us

रायपुर। सेंट्रल जेल रायपुर में शनिवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक तलाशी अभियान चलाया। करीब 50 जवानों के साथ अधिकारियों की टीम ने जेल परिसर और अलग-अलग बैरकों में लगभग चार घंटे तक जांच की। कार्रवाई का उद्देश्य जेल के भीतर प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री के संभावित इस्तेमाल और प्रवेश पर रोक लगाना था। तलाशी के दौरान किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई।

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने अलग-अलग बैरकों में पहुंचकर बंदियों और उनके सामान की बारीकी से जांच की। कार्रवाई को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया और अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी ली गई। महिला बैरक के लिए अलग टीम तैनात की गई थी। पूरे अभियान की निगरानी डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, डीसीपी क्राइम एंड साइबर गौरव मंडल, टीआई कोतवाली दीपक मिश्रा और प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा के नेतृत्व में की गई।

संयुक्त तलाशी में क्राइम एंड साइबर डीसीपी स्मृतिक राजनाला, सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल और एडिशनल कलेक्टर उमाशंकर बांधे भी मौजूद रहे। टीम में क्राइम ब्रांच, एसीसी यूनिट और सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। पुलिस-प्रशासन के अनुसार, इस तरह की जांच का उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना और प्रतिबंधित वस्तुओं के संभावित प्रवेश को रोकना है। बताया गया कि त्योहारों को देखते हुए राज्य के अन्य जेलों में भी सुरक्षा जांच की जा रही है।