जशपुर। जिले में महज 1000 रुपए के लेन-देन को लेकर दोस्त की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक कैलाश यादव (30) ने अपने साथी राजेश दास (29) को 6 हजार रुपए में सेकंड हैंड मोबाइल फोन दिया था। राजेश ने इसमें से 5 हजार रुपए वापस कर दिए थे, जबकि 1000 रुपए बाकी थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते कैलाश राजेश को अपनी कार में बैठाकर जंगल की ओर ले गया और वहां लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में एक गहरे गड्ढे में डाल दिया। इसके बाद खून से सने कपड़े और मृतक का मोबाइल नदी में फेंक दिया गया। कार पर लगे खून के निशान भी नदी के पानी से साफ किए गए। करीब एक सप्ताह बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के थाने से हंसते हुए बाहर निकलने का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि 23 सितंबर को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी के जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा किया। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहना हुआ था। सिर के पीछे चोट के निशान और खून मिला था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
