रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र से युवक के अपहरण के मामले को रायपुर पुलिस ने करीब 12 घंटे में सुलझा लिया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और अंतर्राज्यीय समन्वय के जरिए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा से अपहरण में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को रोककर तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे अनिता राय ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पति प्रतीक राय घर नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल बंद है। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दोपहर करीब 2:28 बजे काले रंग की यूपी नंबर की स्कॉर्पियो से तीन लोगों द्वारा प्रतीक को जबरन ले जाते हुए देखा गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन की लोकेशन और टोल संबंधी जानकारी के आधार पर उसका पीछा शुरू किया। वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की पुष्टि होने पर रायपुर पुलिस ने मिर्जापुर के अहरौरा थाना पुलिस से संपर्क कर रूट पर अलर्ट और नाकाबंदी कराई। लगातार ट्रैकिंग के बाद अहरौरा पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोककर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में वाहन और पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद के चलते युवक को ले जाने की बात सामने आई है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24), सभी निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। तीनों को रायपुर लाने के लिए पुलिस टीम रवाना हो गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
