रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से डीजल का परिवहन करने के मामले में खमतराई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1400 लीटर डीजल और उसे ले जाने में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा इंट्रा वाहन को जब्त किया है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
सात ड्रम में भरकर ले जा रहा था डीजल:
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा इंट्रा वाहन में अवैध रूप से डीजल का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर खमतराई पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में सात ड्रम मिले, जिनमें प्रत्येक में 200 लीटर डीजल भरा हुआ था। इस तरह कुल 1400 लीटर डीजल बरामद किया गया।
वाहन चालक डीजल के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपना नाम विजेंद्र सिंह यादव बताया। वह मूल रूप से बिहार के पटना जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम भेमता में रह रहा था। पुलिस ने डीजल और परिवहन में इस्तेमाल किए गए टाटा इंट्रा वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ खमतराई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।
अवैध परिवहन पर पुलिस की नजर:
उत्तर जोन की डीसीपी दीपमाला कश्यप ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खमतराई पुलिस ने 1400 लीटर अवैध डीजल का परिवहन करते एक आरोपी को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों और ज्वलनशील पदार्थों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
छत्तीसगढ़ में 2 साल बाद सुलझा मर्डर केस: नाखूनों में मिला सुराग, डीएनए से 3 आरोपी गिरफ्तार
