जशपुर की ग्राम सभाओं में बाल विवाह और नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने लिया संकल्प

Follow Us

जशपुर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले की अलग-अलग ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। बैठकों में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और गांव से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा हुई। गांधी जयंती के मौके पर ग्रामीणों ने अपने गांव को साफ-सुथरा रखने और विकास में सामूहिक भागीदारी निभाने की शपथ भी ली।

कुरकुंगा के पंचायत भवन में हुई ग्राम सभा में गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और किशोर-किशोरियों को बाल विवाह रोकने तथा नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने अपनी पंचायत को बाल विवाह और नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसी तरह जशपुर विकासखंड के पैंकू और बगीचा विकासखंड के बिमड़ा में भी विशेष ग्राम सभाएं आयोजित हुईं, जहां ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

विशेष ग्राम सभाओं के जरिए ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। बाल विवाह की रोकथाम, नशे से दूरी और स्वच्छता के साथ विकास कार्यों में मिलकर भाग लेने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को गांव के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए भी प्रेरित किया गया।