रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे और निवेशकों व उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति, निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और उद्योगों के लिए तैयार कारोबारी माहौल की जानकारी साझा करेंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों को लेकर कारोबारियों को आमंत्रित किया जाएगा।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री CEO राउंडटेबल में भी शामिल होंगे, जहां सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और वैश्विक कारोबारी समूहों के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधी बातचीत होगी। चर्चा में राज्य के खनिज संसाधन, बिजली, पानी और औद्योगिक उपयोग के लिए उपलब्ध भूमि के साथ निवेश नीति और सुविधाओं को प्रमुखता से रखा जाएगा। छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024-30 में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, नवाचार, उद्योग विकास और रोजगार सृजन पर जोर दिया गया है।
इस दौरे में खनन के साथ-साथ टेक्नोलॉजी, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समूहों के सामने रखना है।
