गंभीर सेप्सिस से जूझ रही दीपिका का रायपुर में हुआ कैशलेस उपचार, परिवार पर नहीं पड़ा आर्थिक बोझ
बीजापुर। बीजापुर जिले के दूरस्थ आदिवासी अंचल में रहने वाले परिवारों के लिए आयुष्मान भारत योजना गंभीर बीमारी के समय बड़ी राहत बन रही है। भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम पुसनार निवासी दीपिका भदौरिया के लिए भी यह योजना जीवनरक्षक साबित हुई। गंभीर सेप्सिस से पीडि़त दीपिका का योजना के माध्यम से 3 लाख 76 हजार 100 का उपचार पूरी तरह नि:शुल्क हुआ।
गंभीर बीमारी ने बढ़ाई परिवार की चिंता
घने जंगलों और खेतों के बीच बसे ग्राम पुसनार निवासी दीपिका भदौरिया का परिवार सीमित संसाधनों में जीवनयापन करता है। दूरस्थ क्षेत्र में रहने के कारण बड़े शहरों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा प्राप्त करना परिवार के लिए आसान नहीं था। वर्ष 2025 में दीपिका की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई। चिकित्सकीय जांच में उन्हें गंभीर सेप्सिस, यानी शरीर में फैलने वाले गंभीर संक्रमण से पीडि़त पाया गया। ऐसी स्थिति में समय पर समुचित उपचार नहीं मिलने पर मरीज के जीवन को खतरा हो सकता है। दीपिका को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार की आवश्यकता थी, लेकिन इलाज पर आने वाला बड़ा खर्च परिवार की आर्थिक क्षमता से बाहर था।
कुटरू के युवाओं को मिला नवाचार से उद्यमिता का मंत्र, नए विचारों को मिलेगा मंच
आयुष्मान कार्ड बना मुश्किल घड़ी में सहारा
इस कठिन समय में परिवार के पास उपलब्ध आयुष्मान भारत कार्ड दीपिका के उपचार का मजबूत सहारा बना। योजना के माध्यम से उन्हें रायपुर स्थित काल्दा बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां जनरल मेडिसिन श्रेणी के अंतर्गत उनका उपचार किया गया। अस्पताल में भर्ती से लेकर आवश्यक जांच, दवाइयों एवं उपचार सहित कुल 3,76,100 का खर्च आया। यह पूरी राशि आयुष्मान भारत योजना के तहत वहन की गई और परिवार को उपचार के लिए अपनी जेब से एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ा।
समय पर इलाज से लौटी चेहरे पर मुस्कान
समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा और समुचित उपचार मिलने से दीपिका स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकीं। सबसे बड़ी राहत यह रही कि परिवार को इलाज के लिए न तो कर्ज लेना पड़ा और न ही जमीन अथवा गहने गिरवी रखने की नौबत आई। आज दीपिका अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रही हैं।
दूरस्थ अंचलों के जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बनी योजना
दीपिका की कहानी बताती है कि गंभीर बीमारी के समय आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों के लिए आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना कितनी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलने से जरूरतमंद परिवारों को इलाज के भारी आर्थिक बोझ से राहत मिल रही है। दीपिका और उनके परिवार के लिए 3 लाख 76 हजार रूपये का नि:शुल्क उपचार केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि मुश्किल समय में मिला ऐसा संबल है जिसने उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के साथ फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटने का अवसर दिया।
