मरकाटोला हादसा: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

Follow Us

कवर्धा । नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट में हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हाल जाना और परिजनों से उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी घायल की स्थिति और आगे के उपचार के बारे में जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि रोमन सोरा के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। हादसे के बाद एक घायल को उच्च स्तरीय उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में नि:शुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी। इधर, स्वास्थ्य में सुधार के बाद चार घायल अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।