विकास की नई पहचान की ओर भाटापारा, नगर निगम प्रस्ताव पर परिषद एकमत

Follow Us

o बढ़ती आबादी और विस्तार के साथ विकास को नई उड़ान; पानी टंकी, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और चौक सौंदर्यीकरण के प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
o अश्वनी शर्मा बोले- भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत करेंगे शहर की व्यवस्था और अधोसंरचना
o ₹199.10 लाख के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ₹152.25 लाख की पानी टंकी और ₹122.55 लाख के चौक सौंदर्यीकरण सहित विकास कार्यों को मिली मंजूरी

भाटापारा। नगर पालिका परिषद भाटापारा की सामान्य सभा की बैठक नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, पेयजल व्यवस्था, अधोसंरचना को मजबूत करने तथा भाटापारा के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय भाटापारा नगर पालिका को नगर निगम में परिवर्तित किए जाने संबंधी प्रस्ताव का सर्वसम्मति से पारित होना रहा। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी नगर पालिका के रूप में भाटापारा के निरंतर विस्तार, बढ़ती आबादी, व्यापारिक गतिविधियों तथा नागरिक सुविधाओं की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नगर निगम का स्वरूप प्रदान किए जाने की दिशा में परिषद का यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नगर निगम का दर्जा मिलने की दिशा में आगे बढ़ने से भाटापारा के सुनियोजित, व्यापक और दीर्घकालीन विकास के लिए नई संभावनाएं निर्मित होंगी। इससे अधोसंरचना, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, बाजार, प्रकाश व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलने की उम्मीद है।

रंगोली के रंगों में दिखा राष्ट्रप्रेम और विकसित भारत का संकल्प

विकास कार्यों को भी मिली गति
सामान्य सभा में सुभाष बाजार (पल्टन होटल) में ₹199.10 लाख की लागत से प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य के लिए प्राप्त न्यूनतम निविदा दर की स्वीकृति पर निर्णय लिया गया। इससे बाजार क्षेत्र के व्यवस्थित विकास और बेहतर व्यावसायिक सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

इसी क्रम में संत रविदास वार्ड क्रमांक 21 में 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत ₹152.25 लाख की लागत से आर.सी.सी. पानी टंकी निर्माण के लिए प्राप्त न्यूनतम निविदा दर को स्वीकृति प्रदान करने संबंधी निर्णय लिया गया। इससे नगर की पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार होगा।

अधोसंरचना मद के अंतर्गत नगर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹122.55 लाख की लागत से प्राप्त न्यूनतम निविदा दर पर भी आवश्यक निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित, आकर्षक और आधुनिक स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। परिषद निधि मद के अंतर्गत एस.एल.आर.एम. सेंटर में ₹4.81 लाख की लागत से बाउंड्रीवॉल निर्माण तथा स्व-वित्तीय योजना के अंतर्गत पुराने सीएमओ क्वार्टर में ₹16.61 लाख की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण से संबंधित निविदा दरों पर भी आवश्यक निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त निकाय में रखे गए अतिरिक्त 30 कर्मचारियों के भुगतान से संबंधित विषय पर भी परिषद द्वारा विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा इन निर्णयों के माध्यम से पेयजल, बाजार, चौक सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। परिषद का प्रयास है कि वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ आने वाले वर्षों में भाटापारा की बढ़ती आबादी और विस्तार को ध्यान में रखते हुए मजबूत एवं टिकाऊ अधोसंरचना विकसित की जाए।

एशियन गेम्स 2026: श्रीलंका पर जीत के बाद फाइनल में पहुंचा भारत, पाकिस्तान से होगा स्वर्ण मुकाबला

अश्वनी शर्मा ने कहा-भाटापारा के भविष्य को ध्यान में रखकर लिए जा रहे निर्णय
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि-
«“भाटापारा के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी नगर पालिका के रूप में भाटापारा आज जिस गति से विस्तार कर रहा है, उसे देखते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नगर का स्वरूप और व्यवस्थाएं भी मजबूत होना जरूरी है। इसी दृष्टि से सामान्य सभा में भाटापारा को नगर निगम बनाए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है।”»
«“यह केवल नगर का दर्जा बदलने का विषय नहीं है, बल्कि भाटापारा के भविष्य के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है। नगर निगम बनने की दिशा में आगे बढ़ने से योजनाबद्ध विकास, बेहतर अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं और व्यापक होंगी।”»

«“आज सामान्य सभा में पेयजल व्यवस्था, बाजार क्षेत्र के विकास, प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, एस.एल.आर.एम. सेंटर सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए हैं। हमारा स्पष्ट उद्देश्य है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सीधा लाभ भाटापारा के नागरिकों तक पहुंचे।”»

प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष को समर्पित रहा सेवा संकल्प अभियान

उन्होंने आगे कहा-
“भाटापारा को आधुनिक, व्यवस्थित और सुविधायुक्त नगर के रूप में विकसित करने के लिए परिषद पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनभावनाओं और नगर की भविष्य की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर विकास की गति को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।”

बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष, पार्षदगण,एल्डरमैन गण, विधायक प्रतिनिधि सहित नगर पालिका के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे