भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रभाषा पखवाड़े खा आयोजन संपन्न किया गया। इस वर्ष शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नयी दिल्ली द्वारा हिंदी दिवस (14सितंबर)के अवसर पर हिंदी भाषा के प्रोत्साहन एवं जन-जन में हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण हेतु विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के आयोजन का आह्वान किया गया था।
इसके तत्वाधान में दिनांक14 से 28 सितंबर तक महाविद्यालय में हिंदी भाषा के संवर्धन एवं विकास से संबंधित विविध आयोजन किए गए। इन कार्यक्रमों में ‘इंडिया नहीं भारत’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता,’भारत में संपर्क भाषा के रूप में हिंदी:चुनौतियां और संभावनाएं’विषय पर व्याख्यान, पोस्टर प्रतियोगिता, क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता, हिंदी भाषा से संबंधित शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डा. आर .सी.जेम्स ने आयोजन का शुभारंभ करते हुए हिंदी भाषा को जोड़ने वाली भाषा बताया एवं इसके विकास क्रम पर विस्तार से प्रकाश डाला।
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो.राजेश कुमार ने विस्तार से कार्यक्रम की रूपरेखा पर अपनी बात रखी एवं हिंदी भाषा के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तृत चर्चा की । अतिथि व्याख्याता पूजा गुप्ता ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।इस आयोजन में महाविद्यालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का सहयोग रहा तथा इस आयोजन में बडी़ संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं सहभागिता रही ।
