कवर्धा जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Follow Us

कवर्धा। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन के दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने आवेदनों की जानकारी लेने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का जल्द और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए नियमों के अनुसार समय पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

जनदर्शन में नामांतरण, पेंशन, नजूल प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राजस्व रिकॉर्ड में सुधार सहित कई विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और आवेदनों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।