‘द पैराडाइज’ ने बॉक्स ऑफिस पर दिखाया दम, चार दिनों में वर्ल्डवाइड 155 करोड़ का कारोबार

Follow Us

मुंबई। नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने रिलीज के शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन किया है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म ने चार दिनों में दुनियाभर में 155 करोड़ रुपये का सकल कारोबार किया है। इसमें तेलंगाना से 70 करोड़, आंध्र प्रदेश से 32 करोड़, देश के अन्य हिस्सों से 22 करोड़ और विदेशी बाजार से 31 करोड़ रुपये शामिल हैं। उत्तरी अमेरिका में भी फिल्म का कलेक्शन दो मिलियन डॉलर के पार पहुंचने की बात कही गई है। फिल्म को नानी की लोकप्रियता के साथ गणेश विसर्जन के दौरान मिली छुट्टियों का भी फायदा मिला है।

श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नानी ने ‘जडल’ का किरदार निभाया है। 1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित यह एक एक्शन और सामाजिक-परिवारिक कहानी है, जिसमें वंचित समुदाय के संघर्षों को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। फिल्म में कयादु लोहार, मोहन बाबू, सोनाली कुलकर्णी, राघव जुयाल और प्रियदर्शी भी अहम भूमिकाओं में हैं। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले सुधाकर चेरुकुरी ने इसका निर्माण किया है। संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है, जबकि सीएच साई ने सिनेमैटोग्राफी और नवीन नूली ने एडिटिंग की जिम्मेदारी संभाली है। शुरुआती छुट्टियों के बाद अब फिल्म के कारोबार की असली तस्वीर कामकाजी दिनों में दर्शकों की संख्या से सामने आएगी।