श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. इसमें एक वाहन के किशनगंगा नदी में गिर जाने से नौ महीने की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा दुर्घटना करनाह के सेमारी इलाके में हुआ। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों ने कहा, घायलों को पहले तंगधार के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में हमजा नाम की नौ महीने की लड़की और उसके पिता मोहम्मद इदरीस (32) शामिल हैं। हालांकि पहले मरने वालों की संख्या दो बताई गई थी, बाद में जिला प्रशासन ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। घटनास्थल के स्थान पर तीन एम्बुलेंस तैनात की गईं, जबकि बचाव और मेडिकल मदद की टीमें भी तैनात थीं। वाहन खाई में कैसे गिरा, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस जानकारी इकठ्ठा कर रही है। अन्य मृतकों और घायलों की पहचान तुरंत उपलब्ध नहीं हो पाई है।
इस बीच, उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख जताया और पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा, घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन को घायलों को सबसे अच्छा इलाज देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कुपवाड़ा के करनाह-तंगधार में हुए दुखद सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। दुखी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताते हुए, मुख्यमंत्री ने प्रशासन और मेडिकल अधिकारियों को सभी घायलों को सबसे अच्छा इलाज देने का निर्देश दिया है।

