केदारनाथ में बड़ा हादसा : पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत, 1500 यात्रियों का रेस्क्यू

Follow Us

उत्तरकाशी । केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के समीप रविवार शाम पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर मलबा आने से कई यात्री फंस गए। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से चीरबासा के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। पत्थरों की चपेट में आने से एटा, उत्तर प्रदेश निवासी पांच वर्षीय यश पुत्र रोहताश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के जरिए एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि चीरबासा क्षेत्र में मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। देर रात तक यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई जारी रही। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर मार्ग पार कराया गया। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।