उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर बवाल, भीड़ ने किया पथराव; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Follow Us

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर उज्जैन में तनाव की स्थिति बनी हुई है। रविवार से ही मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुटकर कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। सोमवार को भी विरोध जारी रहा और इस दौरान पुलिस पर पथराव की खबर सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। मामले में इंदौर हाईकोर्ट में आज सुनवाई होनी है।

उज्जैन के अब्दालपुरा इलाके में शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर पिछले दो दिनों से तनाव बना हुआ है। रविवार रात प्रशासन जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर जमा हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।

स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और मस्जिद के आसपास बैरिकेडिंग कर आवाजाही को नियंत्रित किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुस्लिम समाज के लोगों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। रविवार रात बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के अंदर और बाहर मौजूद रहे।

सोमवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया और पुलिस पर पथराव की खबर सामने आई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। शाही मस्जिद के मामले में सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है और मस्जिद का कुछ हिस्सा प्रस्तावित सड़क की जद में आ रहा है। इसी हिस्से को हटाने को लेकर विवाद बना हुआ है।

शहर में सड़क चौड़ीकरण के लिए कई मकानों और अन्य निर्माणों के प्रभावित हिस्सों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर लोग अपनी संपत्तियों के चिन्हित हिस्से स्वेच्छा से हटाने के लिए आगे आए हैं।शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के खिलाफ मुस्लिम समाज की ओर से कानूनी लड़ाई भी जारी है। पहले दायर याचिकाएं इंदौर हाईकोर्ट की एकल पीठ खारिज कर चुकी है। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत सोमवार को हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।फिलहाल प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अदालत की सुनवाई और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर है।