BREAKING NEWS: दक्षिण अफ्रीका में सामूहिक गोलीबारी में 27 लोगों की मौत

Follow Us

जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग के पास कुछ घंटों के अंतराल में हुई दो सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं में 27 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हुए। देश में हाल के वर्षों में बढ़ती बंदूक हिंसा के बीच इन घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

गौटेंग पुलिस आयुक्त लेफ्टिनेंट जनरल टॉमी म्थोम्बेनी ने बताया कि शनिवार शाम एक बार में आठ हथियारबंद हमलावरों के घुसकर गोलीबारी करने से 17 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हुए। पुलिस के अनुसार मृतकों में 13 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। घटना में इथियोपिया और लेसोथो के नागरिक भी प्रभावित हुए, हालांकि अधिकांश मृतक दक्षिण अफ्रीकी थे। हमलावरों ने बार के बाहर मौजूद लोगों पर गोली चलाने के बाद अंदर भी फायरिंग की और दो वाहनों में आग लगाने के बाद फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में लूट की आशंका जताई गई है क्योंकि पीड़ितों का सामान ले जाया गया था। हालांकि, अवैध खनन समूहों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

दूसरी घटना रविवार तड़के केप टाउन के पास एक टाउनशिप में मनोरंजन स्थल के बाहर हुई, जहां गोलीबारी में 10 लोगों की मौत और 11 अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाओं के पीछे के मकसद की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।

विराट और गिल के शतकों ने कैरेबियाई टीम को उड़ाया, सीरीज में 1-0 की बढ़त

दक्षिण अफ्रीका दुनिया में सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में शामिल है और हाल के वर्षों में गिरोहों से जुड़ी बंदूक हिंसा पर अंकुश लगाने में अधिकारियों को चुनौती का सामना करना पड़ा है।

अवैध खनन भी देश में लगातार बनी समस्या है। अधिकारियों के अनुसार परित्यक्त खदानों और खनन स्थलों पर बिना अनुमति खनन करने वाले लोगों में बड़ी संख्या में ऐसे प्रवासी शामिल हैं, जिन्हें संगठित अपराध गिरोहों द्वारा भर्ती किया जाता है। इन घटनाओं से कुछ दिन पहले डरबन के क्वामाखुथा टाउनशिप में एक घर पर बंदूकधारियों के हमले में 11 लोगों की मौत हुई थी।