मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत हाईवे पुलिस चौकी नागपुर और थाना पोड़ी की टीम ने दो पिकअप वाहनों से करीब 8 क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों वाहन ओडिशा से मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध लगने पर दोनों पिकअप को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला। कार्रवाई के बाद पुलिस ने चार पुरुषों और तीन महिलाओं सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और मध्यप्रदेश में इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
