साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के लिए, सकरी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम

Follow Us

बलौदाबाजार-भाटापारा। साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम सकरी (प) में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 80 से अधिक ग्रामीण महिला-पुरुषों और महिला कमांडो ने भाग लिया।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए बचाव के उपाय बताए। नागरिकों सेOTP, UPI PIN एटीएम कार्ड नंबर और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने लॉटरी, इनाम अथवा बैंक खाता बंद होने का झांसा देने वाली फर्जी कॉल और मैसेज से सावधान रहने तथा व्हाट्सएप या एसएमएस पर आए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी। अनधिकृत लोन ऐप डाउनलोड करने से बचने और फेसबुक, व्हाट्सएप व इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने की जानकारी भी दी गई।

1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में ग्राम सकरी के सरपंच कुलदीपक खन्ना, महिला कमांडो अध्यक्ष टिकेश्वरी साहू सहित ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने अथवा नजदीकी थाने से संपर्क करने की सलाह दी गई।