रायपुर। राजधानी के नजदीक सारागांव में शनिवार को कोल्हान नाले के तेज बहाव में रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे की बस फंस गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया गया कि तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने पहले ही वाहनों की आवाजाही रोक रखी थी। यात्रियों ने भी चालक को आगे बढ़ने से मना किया था, लेकिन बस आगे चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए बस को किनारे करना पड़ा और वह पानी के तेज बहाव में फंस गई। इसके बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग खिड़की से बाहर निकलने की तैयारी करने लगे।
हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने तुरंत बस के पास पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। दाईं ओर की खिड़की से यात्रियों को एक-एक करके बाहर निकाला गया और सभी 70 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद बस को भी पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बस के परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस टीम मौके पर वाहनों को रोक रही थी, लेकिन बस आगे बढ़ गई और ट्रकों को रास्ता देने के दौरान नाले के बहाव में फंस गई। मामले की जांच जारी है।
