रायपुर। गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान 28 सितंबर को निकलने वाली झांकी को देखते हुए नगर निगम ने रूट पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों और पुलिस टीम के साथ फूलचौक से सदर बाजार तक निरीक्षण किया। इस दौरान जर्जर घोषित 15 भवनों की स्थिति देखी गई। संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी कर भवनों को झांकी के दिन खाली रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि झांकी के समय इन जर्जर मकानों पर ताला लगा रहना चाहिए और लोगों को उनकी छत या अन्य हिस्सों में जाने से रोका जाए। महापौर ने पुलिस अधिकारियों से ऐसे भवनों के सामने बैरिकेडिंग कराने को कहा, ताकि झांकी देखने आने वाले लोगों की भीड़ जर्जर इमारतों के आसपास जमा न हो। निरीक्षण के दौरान लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
