रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने नई दिल्ली में हुडको द्वारा आयोजित अर्बन चैलेंज फंड(UCF) क्षमता विकास कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने शहरों के दीर्घकालिक विकास के लिए बेहतर नियोजन, संस्थागत क्षमता विकास और वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
बोरा ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन, पीएम स्वनिधि, पीएम ई-बस और अर्बन चैलेंज फंड की प्रगति एवं आगामी रणनीति पर चर्चा की।हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ के साथ बैठक में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों के स्थानीय जरूरतों और विशिष्ट पहचान के अनुरूप दीर्घकालिक विकास योजनाएं तैयार करने पर चर्चा हुई। औद्योगिक, धार्मिक, पर्यटन, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वाले शहरों के लिए अलग-अलग आवश्यकताओं के अनुसार विकास रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में फूड पार्क, रेंटल हाउसिंग, पर्यटन संवर्धन, स्लम पुनर्विकास और ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट(TOD)) जैसी परियोजनाओं को विकास योजनाओं में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। हुडको ने प्रारंभिक परियोजना प्रतिवेदन (PPR) तैयार करने, अधिकारियों के क्षमता विकास तथा नगरीय परियोजनाओं के लिए तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।
