बलौदाबाजार। गिधौरी थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी में बंद मकान से सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी दूसरे राज्य चला गया था। उसके गांव वापस आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मुखबिर के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से करीब 25 हजार रुपये कीमत का चोरी गया सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार कुम्हारी निवासी संजय कुमार काठे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 से 4 सितंबर के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर का ताला तोड़कर टुल्लू पंप, गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन, कुकर, कड़ाही और साड़ियां समेत करीब 25 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। शिकायत के बाद गिधौरी थाने में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में गांव के ही दुर्गेश नवरत्न का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए वह घटना के बाद दूसरे राज्य चला गया था।
25 सितंबर को उसके गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर टुल्लू मोटर पंप, गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन, कुकर, कड़ाही और साड़ियों सहित पूरा सामान बरामद कर लिया गया। आरोपी दुर्गेश नवरत्न (37), निवासी ग्राम कुम्हारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
