कवर्धा के चंडालपुर गांव का बदला नाम, अब सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होगा ‘चंदनपुर’

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम जिले के चंडालपुर गांव को अब नई आधिकारिक पहचान मिल गई है। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद गांव का नाम बदलकर ‘चंदनपुर’ किए जाने का राजपत्र में प्रकाशन हो चुका है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने बारिश के बीच गांव पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपी। नाम परिवर्तन की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उनका स्वागत किया और मिठाई बांटी।

इस मौके पर विजय शर्मा ने गांव में सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे थे, जिसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया और आवश्यक सरकारी प्रक्रिया पूरी की गई। अब ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और शासकीय पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव का नाम स्थानीय इतिहास, संस्कृति और लोगों की भावनाओं से जुड़ा होता है और ग्रामीणों से रोजमर्रा के इस्तेमाल में भी नए नाम को अपनाने का आग्रह किया।

ग्रामीणों को दस्तावेजों में नाम बदलवाने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाने की व्यवस्था की जाएगी। इन शिविरों के जरिए आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों में गांव का नाम अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।