मुंबई। मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति उत्सव के दौरान रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कालाचौकी इलाके में गणपति पंडाल के पास अचानक करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम चार लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल मरीजों को गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है। मृतकों में आठ वर्षीय बच्ची भी शामिल है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा रात करीब 2:20 बजे दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुआ। सप्ताहांत होने के कारण गणपति उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान पंडाल के पास अचानक करंट फैल गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पीडि़तों को तत्काल भायखला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने आठ वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन उपक्रम (बेस्ट) तथा नगर निगम के संबंधित वार्ड कार्यालय की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की।
घायलों की पहचान किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रुही सिंह (12) के रूप में हुई है। मृत आठ वर्षीय बच्ची की पहचान रघनी घनश्याम यादव के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान अभी सामने नहीं आई है। गणपति उत्सव के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। संबंधित एजेंसियां हादसे की परिस्थितियों और करंट फैलने के कारणों की जांच कर रही हैं।
