भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता अगले महीने लागू होने की उम्मीद

Follow Us

भारतीय निर्यातकों को पहले दिन से शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच, दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने पर जोर

वेलिंगटन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते के जल्द लागू होने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा है कि दोनों देश समझौते को लागू करने के लिए आवश्यक आधिकारिक दस्तावेजों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं और इसके अगले एक महीने के भीतर लागू होने की उम्मीद है।

मैक्ले ने बताया कि न्यूजीलैंड की संसद समझौते को लागू करने वाले विधेयक को मंजूरी दे चुकी है। इसके साथ ही समझौते के प्रभावी होने का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि समझौता लागू होने के पहले ही दिन से भारतीय निर्यातकों को न्यूजीलैंड के बाजार में अपने सामान को बिना आयात शुल्क के भेजने की सुविधा मिलेगी।

न्यूजीलैंड की संसद ने 15 सितंबर को भारत के साथ हुए समझौते को लागू करने वाले विधेयक को मंजूरी दी थी। इसके बाद 17 सितंबर को इसे अंतिम मंजूरी भी मिल गई। संसद में विधेयक के पक्ष में 93 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 29 सांसदों ने इसका विरोध किया। मंत्री मैक्ले ने कहा कि दोनों देश अब समझौते को लागू करने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं और इसके जल्द प्रभावी होने की उम्मीद है। मैक्ले ने कहा कि समझौते के तहत न्यूजीलैंड पहले दिन से ही भारतीय सामान पर आयात शुल्क को शून्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे भारतीय निर्यातकों को न्यूजीलैंड के बाजार में प्रतिस्पर्धी स्थिति हासिल करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के बीच रसायन, औषधि और मशीनरी जैसे क्षेत्रों में कारोबार बढऩे की संभावना है। इसके अलावा सेवाओं के क्षेत्र, विशेष रूप से सूचना प्रौद्योगिकी और संचार सेवाओं में भी व्यापार विस्तार की काफी संभावनाएं हैं। मंत्री के अनुसार, न्यूजीलैंड को भी भारत में अपने खाद्य उत्पादों, मशीनरी, सेवाओं और निवेश के लिए अधिक बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है। उन्होंने समझौते को दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे व्यापार और निवेश के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच करीब नौ महीने तक चली बातचीत के बाद 27 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। समझौते के तहत न्यूजीलैंड में भारतीय सामान के निर्यात को शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच देने का प्रावधान किया गया है। मैक्ले ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने एक-दूसरे पर भरोसा जताते हुए समझौते में शामिल सभी शर्तों को पूरा करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। दोनों देशों की सरकारों ने समझौते में किए गए वादों को पूरा करने का भरोसा दिलाया है।

कबीरधाम पुलिस की शराबखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 40 प्रकरण दर्ज

न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल भारत और न्यूजीलैंड के बीच करीब चार अरब न्यूजीलैंड डॉलर का कारोबार होता है।मैक्ले को उम्मीद है कि मुक्त व्यापार समझौते के लागू होने के बाद दोनों देश निर्धारित व्यापार लक्ष्य को भी पार कर सकते हैं। न्यूजीलैंड के विदेश मामलों एवं व्यापार मंत्रालय ने वर्ष 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को सात अरब न्यूजीलैंड डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

मंत्री मैक्ले ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते का असर केवल वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही भी बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि समझौते के बाद छात्रों, पेशेवरों, पर्यटकों और कारोबारी यात्रियों के लिए भारत और न्यूजीलैंड के बीच आवागमन के अवसर बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि समझौते के लागू होने के बाद दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही रसायन, औषधि, मशीनरी, सूचना प्रौद्योगिकी, संचार, खाद्य उत्पाद और सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर सामने आ सकते हैं।