नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियों ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और देश की सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा की कामना की।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और पूर्व एथलीट पीटी उषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए देश को शांति, खुशहाली और तरक्की की दिशा में आगे ले जाने के लिए उन्हें शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
गौतम गंभीर ने पीएम मोदी के स्वास्थ्य और खुशी की कामना की
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी के स्वास्थ्य और खुशी की कामना करते हैं और उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री भारत को शानदार भविष्य की ओर आगे ले जाते रहेंगे।
युवराज सिंह और सुरेश रैना ने भी दी बधाई
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का नेतृत्व भारत को मजबूत और अधिक प्रगतिशील भविष्य की ओर ले जा रहा है। युवराज ने आने वाले वर्ष में प्रधानमंत्री के लिए अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और लगातार सफलता की कामना की।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, ताकत और खुशी की कामना करते हुए कहा कि देश के प्रति उनका समर्पण लाखों लोगों को प्रेरित करता रहे। रैना ने उम्मीद जताई कि भारत तरक्की और गौरव की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
वेंकटेश प्रसाद ने ऊर्जा और अनुशासन को बताया प्रेरणादायक
पूर्व क्रिकेटर और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी की ऊर्जा, अनुशासन और देश के प्रति प्रतिबद्धता को प्रेरणादायक बताया। प्रसाद ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और देश की सेवा के लिए कई और वर्षों की कामना की।
सायना नेहवाल ने खिलाड़ियों के सहयोग का किया जिक्र
पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने एक वीडियो साझा कर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी पूरी क्षमता के साथ देश के विकास के लिए काम किया है और उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह काम करते रहेंगे।
सायना नेहवाल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान खिलाड़ियों का सहयोग किया है और वह हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़े रहे हैं। इसके साथ ही सायना ने देशवासियों से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार शाम 6 से 7 बजे के बीच आशीर्वाद के रूप में दीप जलाने की अपील भी की।



