रहस्यमयी जंगल की कहानी लेकर आई ‘द वन’, सिद्धार्थ-तमन्ना की फिल्म में डबल रोल का भी सस्पेंस

Follow Us

मुंबई। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म ‘द वन’ का ट्रेलर जारी हो गया है। करीब तीन मिनट के इस ट्रेलर में रहस्य, डर और एक्शन का मेल देखने को मिलता है। कहानी एक ऐसे जंगल से जुड़ी है, जहां रात के वक्त जाने वाले लोगों के वापस न लौटने की बात सामने आती है। फिल्म में सिद्धार्थ और तमन्ना के साथ सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी, अनूप सोनी, मनीष पॉल और मिलिंद गुणाजी भी नजर आएंगे।

कहानी में सिद्धार्थ और तमन्ना घूमने की योजना बनाते हैं, लेकिन परिवार उन्हें छठ पूजा के लिए घर बुला लेता है। इसके बाद दोनों का सामना वन देवी मंदिर से जुड़े रहस्यमय पहलुओं से होता है। ट्रेलर में कई एक्शन सीन और बड़े स्तर पर वीएफएक्स का इस्तेमाल दिखाई देता है। आखिरी हिस्से में एक किरदार का चेहरा नहीं दिखाया गया है, जिसके बाद यह सवाल उठ रहा है कि फिल्म में किसी चर्चित कलाकार की एंट्री होगी या सिद्धार्थ किसी डबल रोल में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। बालाजी टेलीफिल्म्स और टीवीएफ ने मिलकर इसका निर्माण किया है। मुंबई में बुधवार को आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म की पूरी टीम के साथ प्रोड्यूसर एकता कपूर भी मौजूद रहीं। ‘द वन’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।