मुंबई। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल गणपति बप्पा के दर्शन के लिए साथ पहुंचे। जहीर के पैर में चोट लगी थी, जिसके चलते वह सहारे के साथ चलते दिखाई दिए। सीढ़ियों से नीचे आते वक्त सोनाक्षी ने उनका हाथ थामकर उन्हें संभाला। दोनों ने पैपराजी के सामने तस्वीरों के लिए पोज भी दिए। इसी दौरान जब फोटोग्राफर्स की नजर जहीर की चोट पर गई तो सोनाक्षी ने मजाक करते हुए कहा, “मैंने नहीं किया है ये।” उनकी बात पर वहां मौजूद लोग हंसने लगे। जहीर ने भी माहौल को हल्का रखते हुए खुद को ‘ओल्ड’ बताया।
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फैंस की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों को सोनाक्षी का यह मजाकिया अंदाज पसंद आया, वहीं कुछ यूजर्स ने जहीर की चोट को लेकर चिंता जताई। हालांकि उनकी चोट किस वजह से लगी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रहे दावों को चोट की वास्तविक वजह नहीं माना जा सकता। सोनाक्षी और जहीर अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ मस्ती और प्रैंक से जुड़े वीडियो शेयर करते रहते हैं।
सोनाक्षी और जहीर ने 23 जून 2024 को सिविल मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों ने फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों और करीबी लोगों के लिए रिसेप्शन भी आयोजित किया था। दोनों इससे पहले 2022 में आई फिल्म ‘डबल एक्सएल’ में साथ काम कर चुके हैं। फिलहाल गणपति दर्शन का वीडियो चर्चा में है, जिसमें चोट के बावजूद जहीर का बप्पा के दर्शन के लिए पहुंचना और सोनाक्षी का मजेदार अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
