सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में कुएं से एक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुमेर सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। बताया गया है कि सुमेर सिंह ने पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन दोनों बार उसकी जान बच गई थी। इस बार कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के अनुसार सुमेर का व्यवहार अन्य लोगों से कुछ अलग था और वह गांव में ज्यादा लोगों से घुलता-मिलता नहीं था। हालांकि उसकी मौत कुएं में किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
